कांकेर। Kanker News : कांकेर जिले के गोड़ाहुर से लकड़ी तस्करी का एक बेहद अनोखा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। वन तस्करों ने वन विभाग की निगरानी से बचने के लिए अचिनपुर स्थित कोटरी नदी के पानी के रास्ते सागौन की लकड़ी पार कराने का नया तरीका अपनाया था। वन परिक्षेत्र पूर्व बांदे की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए नदी किनारे तीन आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

वन विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अवैध लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है। विभाग को तस्करी की सूचना मिलने के बाद टीम ने नदी किनारे निगरानी बढ़ाई। जैसे ही लकड़ी का जत्था नदी किनारे पहुंचा, वन विभाग की टीम ने मौके पर दबिश देकर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।

Read More : BREAKING NEWS : कोटरी नदी में सवारी से भरी नाव पलटी, 12 लोगों की बाल-बाल बची जान.. Kanker News
Kanker News : गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास हालदार, सुब्रत विश्वास और विश्वजीत मिस्त्री के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ी बरामद की गई है। वन विभाग के अनुसार, कुल 1.700 घन मीटर सागौन की लकड़ी जब्त की गई है। इसमें 25 नग चिरान और 13 नग चौखट-पल्ला शामिल हैं। जब्त लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 15 हजार रुपये बताई गई है।

वन विभाग की टीम अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसे आगे कहां पहुंचाया जाना था। कार्रवाई के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के खिलाफ निगरानी और सख्त कर दी है।






