रायपुर। Seva Jyoti Yatra : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह में प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन, संघर्ष, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को विशेष रूप से प्रस्तुत किया गया। बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो रहा, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी की जीवन यात्रा को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया।
Read More : छत्तीसगढ़ में आज ‘Seva Jyoti Yatra’, 33 जिलों में आयोजन
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 7 अक्टूबर देश के सार्वजनिक जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। प्रधानमंत्री मोदी ने करीब 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष से अधिक समय देश के प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन में बिताए हैं। मुख्यमंत्री ने इस यात्रा को सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति निरंतर समर्पण की गाथा बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम किया है। ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ सरकार की योजनाओं के केंद्र में गरीब, किसान, युवा, महिलाएं और वंचित वर्ग रहे हैं।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का संकल्प
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि पूरे देश का संकल्प है। इसी भावना के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भी समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान को 13 अलग-अलग गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया है। इसका उद्देश्य सेवा, स्वच्छता, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को व्यापक स्तर पर मजबूत करना है।
युवाओं के लिए प्रेरणा है प्रधानमंत्री की जीवन यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के जीवन के विभिन्न पड़ावों और उनके संघर्ष से लेकर राष्ट्र सेवा तक के सफर को समझने का अवसर मिला। सामान्य परिस्थितियों से आगे बढ़कर देश के नेतृत्व तक पहुंचने की यह यात्रा युवाओं को मेहनत, अनुशासन, संकल्प और सेवा भावना का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि जब उद्देश्य जनसेवा हो और संकल्प मजबूत हो, तो चुनौतियों को भी अवसर में बदला जा सकता है।
बस्तर में शांति और विकास का नया दौर
मुख्यमंत्री साय ने नक्सलवाद के खिलाफ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस और स्थानीय जनता के सहयोग से बस्तर में परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में कभी विकास कार्यों को पहुंचाना चुनौतीपूर्ण था, वहां अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और सरकारी योजनाओं का विस्तार हो रहा है। सरकार का लक्ष्य बस्तर के युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार और उद्यमिता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।
किसानों की समृद्धि पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में योजनाओं का विस्तार किया जा रहा है।
68 लाख महिलाओं को महतारी वंदन का लाभ
महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है। महतारी वंदन योजना के तहत करीब 68 लाख पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। मुख्यमंत्री के अनुसार, योजना के तहत अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि वितरित की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता ने महिलाओं की आर्थिक क्षमता के साथ-साथ परिवार के निर्णयों में उनकी भूमिका को भी मजबूत किया है।
51 हजार करोड़ के रेल प्रोजेक्ट से बदल रही कनेक्टिविटी
छत्तीसगढ़ में रेलवे विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगभग 51 हजार करोड़ रुपये के रेल कार्य चल रहे हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास का कार्य भी जारी है। नई रेल परियोजनाओं और आधुनिक रेलवे स्टेशनों से प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार को भी गति मिलने की उम्मीद है।
6,691 जनजातीय गांवों में विकास का विस्तार
जनजातीय क्षेत्रों के विकास का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है और सरकार का प्रयास है कि जनजातीय अंचल विकास की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदार बनें।
निवेश के लिए छत्तीसगढ़ में बढ़ी संभावनाएं
मुख्यमंत्री साय ने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चाओं में छत्तीसगढ़ को लेकर निवेशकों की रुचि देखने को मिली। उनके अनुसार, 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन-टू-वन चर्चा में प्रदेश में निवेश को लेकर रुचि दिखाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश का उद्देश्य केवल उद्योग स्थापित करना नहीं, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, अर्थव्यवस्था के विस्तार और छत्तीसगढ़ को उद्योग, तकनीक एवं नवाचार के क्षेत्र में मजबूत केंद्र के रूप में विकसित करना है।
बृजमोहन अग्रवाल बोले—विकसित भारत हर नागरिक का राष्ट्रीय लक्ष्य
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक स्तर पर अपनी भूमिका मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य सरकार के साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी से जुड़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
गुरु खुशवंत साहेब ने गिनाईं उपलब्धियां
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने रक्षा, अर्थव्यवस्था, अधोसंरचना, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान से लेकर विकसित भारत-2047 तक विभिन्न अभियानों और लक्ष्यों के जरिए देशवासियों को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।






