रायपुर। RAIPUR NEWS : छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता आंदोलन, गांधीवादी विचारधारा और सामाजिक समरसता के इतिहास को अकादमिक विमर्श के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में राजधानी रायपुर में एक महत्वपूर्ण आयोजन होने जा रहा है। 23 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय विद्यालय बाल आश्रम समिति, रायपुर एवं पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की इतिहास अध्ययनशाला के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसका विषय ‘छत्तीसगढ़ में गांधीवादी आंदोलन एवं गांधी जी की अस्पृश्यता निवारण यात्रा’ रखा गया है।
Read More : RAIPUR NEWS : एके गोयल स्कूल में यातायात जागरूकता और स्वास्थ्य शिविर, 250 बच्चों की हुई जांच
संगोष्ठी का केंद्रबिंदु छत्तीसगढ़ में गांधीवादी आंदोलन की ऐतिहासिक भूमिका और अस्पृश्यता उन्मूलन के लिए महात्मा गांधी द्वारा किए गए प्रयास रहेंगे। गांधीजी की अस्पृश्यता निवारण यात्रा के संदर्भ में प्रदेश के सामाजिक परिवेश, जनजागरण, समानता और सामाजिक समरसता की दिशा में हुए ऐतिहासिक प्रयासों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
बृजमोहन अग्रवाल सहित कई प्रमुख हस्तियां रहेंगी मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं छत्तीसगढ़ तथा मध्यप्रदेश शासन के पूर्व मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल शामिल होंगे। इसके अलावा रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी, रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा, पूर्व विधायक एवं पूर्व अध्यक्ष गौ सेवा आयोग छत्तीसगढ़ डॉ. रामसुंदर दास तथा छत्तीसगढ़ इतिहास परिषद की अध्यक्ष प्रो. आभा रूपेंद्र पाल की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
इतिहास के विशेषज्ञों की सहभागिता से समृद्ध होगा विमर्श
संगोष्ठी में इतिहास विषय के अनुभवी शिक्षाविद् भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इनमें प्रोफेसर के.के. अग्रवाल, पूर्व विभागाध्यक्ष इतिहास, शासकीय महाविद्यालय भिलाई तथा डॉ. डी.एन. खूटे, एसोसिएट प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, इतिहास अध्ययनशाला, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर शामिल हैं। इनकी सहभागिता से गांधीवादी विचारधारा, छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक घटनाक्रम और सामाजिक बदलाव के विभिन्न पहलुओं पर अकादमिक दृष्टिकोण सामने आएगा। कार्यक्रम में प्रो. आभा रूपेंद्र पाल एवं डॉ. डी.एन. खूटे द्वारा संपादित पुस्तक ‘गांधी विमर्श’ का विमोचन भी किया जाएगा, जो आयोजन का विशेष आकर्षण रहेगा।
इतिहास और वैचारिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की पहल
आज जब सामाजिक समरसता, समानता और ऐतिहासिक चेतना पर सार्थक संवाद की आवश्यकता महसूस की जा रही है, ऐसे समय में यह आयोजन महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गांधीजी के विचारों, अस्पृश्यता के विरुद्ध उनके संघर्ष और सामाजिक समानता के संदेश को छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक संदर्भों में समझने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम के आयोजन में राष्ट्रीय विद्यालय समिति के सचिव नरेश चंद्र गुप्ता, बाल आश्रम समिति के सचिव राजकिशोर नथानी एवं राष्ट्रीय विद्यालय एवं बाल आश्रम समिति के अध्यक्ष अजय तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम का विवरण
दिनांक: 23 नवंबर 2026, सोमवार
समय: दोपहर 12 बजे
स्थान: बाल आश्रम सभागार, रायपुर
विषय: छत्तीसगढ़ में गांधीवादी आंदोलन एवं गांधी जी की अस्पृश्यता निवारण यात्रा
विशेष आकर्षण: ‘गांधी विमर्श’ पुस्तक का विमोचन
यह आयोजन छत्तीसगढ़ के इतिहास, गांधीवादी चिंतन और सामाजिक समरसता के विभिन्न आयामों को एक मंच पर लाने के साथ ही अकादमिक एवं वैचारिक संवाद को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण प्रयास होगा।







