रायपुर. RAIPUR NEWS : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ सुशासन, जनकल्याण और समृद्धि के नए संकल्पों के साथ विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने बीते तीन वर्षों में किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और जनजातीय समुदायों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। इन निर्णयों से जहां प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिली है, वहीं शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, उद्योग और अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में नई संभावनाओं का विस्तार हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाते हुए प्रदेश के तीन करोड़ नागरिकों के जीवन में खुशहाली और समृद्धि लाना है।
मुख्यमंत्री श्री साय आज आईएनडी-24 न्यूज चैनल के विशेष कार्यक्रम ‘मुख्यमंत्री जी से संवाद – छत्तीसगढ़ के विकास का विजन’ में प्रदेश के विकास और भविष्य की कार्ययोजना पर अपने विचार साझा कर रहे थे। उन्होंने सरकार की तीन वर्षों की उपलब्धियों, प्रधानमंत्री की गारंटियों के क्रियान्वयन, औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन, महिला सशक्तीकरण, कृषि विकास, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार तथा बस्तर में शांति और विकास के नए दौर सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
मोदी की गारंटियों को धरातल पर उतार रही सरकार
RAIPUR NEWS : मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि दिसंबर 2023 में सरकार गठन के साथ ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने का कार्य प्रारंभ किया गया। पहली कैबिनेट बैठक में ही 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति देने का निर्णय लिया गया। किसानों को दो वर्षों का लंबित धान बोनस प्रदान किया गया और 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की व्यवस्था लागू की गई। तेंदूपत्ता संग्राहकों की पारिश्रमिक दर बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की गई। महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के लिए महतारी वंदन योजना प्रारंभ की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता केवल योजनाओं की घोषणा करना नहीं, बल्कि उनका लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करना है।
स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से मजबूत हो रही उपचार व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर जैसे दूरस्थ अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत 34 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। गीदम में मेडिकल कॉलेज और जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का संचालन प्रारंभ हुआ है। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से सुदूर गांवों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।
औद्योगिक निवेश से छत्तीसगढ़ को मिल रही नई आर्थिक पहचान
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब खनिज आधारित पारंपरिक उद्योगों के साथ आधुनिक तकनीक, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और रोजगार आधारित उद्योगों के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। पिछले तीन वर्षों में प्रदेश को 8.60 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। लगभग 50 प्रतिशत निवेश परियोजनाएं आधुनिक तकनीक और अधिक रोजगार देने वाले क्षेत्रों से संबंधित हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में निवेश और कारोबार को सुगम बनाने के लिए 450 से अधिक सुधार किए गए हैं। दो जनविश्वास अधिनियमों के माध्यम से दंडात्मक प्रावधानों में संशोधन किया गया है। छत्तीसगढ़ ईज ऑफ डूइंग बिजनेस एक्ट-2026 और वन क्लिक सिंगल विंडो सिस्टम 2.0 से उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार हुआ है।






