रायपुर। CG NEWS : आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार और पत्रकारों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रायपुर प्रेस क्लब एवं विश्व आयुर्वेद परिषद, छत्तीसगढ़ इकाई के संयुक्त तत्वावधान में मोतीबाग स्थित प्रेस क्लब परिसर में निःशुल्क आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 150 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श का लाभ लिया। इस दौरान विभिन्न रोगों के लिए आयुर्वेदिक औषधियां भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं।
Read More : CG NEWS : छत्तीसगढ़ में हाथकरघा और खादी को मिलेगा बढ़ावा, बुनकरों व महिला समूहों के लिए खुलेंगे रोजगार के नए अवसर
CG NEWS : शिविर में डायबिटीज विशेषज्ञ डॉ. अजय कुलश्रेष्ठ, आमवात एवं आर्थराइटिस विशेषज्ञ डॉ. पतंजलि दीवान, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सरोज आहूजा, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. चंद्रेश सिन्हा, गुदा रोग विशेषज्ञ डॉ. सतीश चंद्रवंशी, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. नरेंद्र दत्त मिश्रा, पेट रोग विशेषज्ञ डॉ. ऋतुराज टांक, लीवर रोग विशेषज्ञ डॉ. कृष्ण दास माणिकपुरी तथा कैंसर विशेषज्ञ डॉ. मनोहर लहेजा ने मरीजों को परामर्श दिया। मरीजों को उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के अनुसार मार्गदर्शन देने के साथ विभिन्न रोगों की आयुर्वेदिक दवाएं निःशुल्क प्रदान की गईं।
पत्रकारों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना जरूरी : मोहन तिवारी
रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि व्यस्त दिनचर्या और कार्यदबाव के कारण पत्रकार कई बार अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। पत्रकारों एवं उनके परिजनों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच और औषधियों की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को अपनी सेहत के साथ परिवार के स्वास्थ्य को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। प्रेस क्लब पत्रकार हितों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है।






