गरियाबंद। Gariaband Police : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में नक्सल गतिविधियों से जुड़ी एक बड़ी बरामदगी सामने आई है। मैनपुर थाना क्षेत्र के राजाडेरा जंगल में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई करीब 21 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने तीन सरेंडर नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में एक पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजाडेरा जंगल में छिपाकर रखी गई नक्सली रकम को निकालने के लिए कुछ लोग वहां पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ने के लिए कार्रवाई की। इसी दौरान जंगल से रकम निकालकर लौट रहे तीन लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
Read More : NAXAL BREAKING : नक्सली मंसूबों को सुरक्षा बलों ने किया नाकाम, आईईडी किये निष्क्रिय
पुलिस की जांच के दौरान आरोपियों के पास मौजूद बैग की तलाशी ली गई। बैग के अंदर रखे एक टिफिन में 500-500 रुपये के नोटों की गड्डियां मिलीं। गिनती करने पर बरामद नकदी की कुल राशि करीब 21 लाख रुपये बताई गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह रकम नक्सली गतिविधियों से जुड़ी हुई मानी जा रही है।
2024 में जंगल में छिपाई गई थी रकम
बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में नक्सली संगठन के सीसी मेंबर चेलापति ने इस रकम को राजाडेरा के जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखा था। लंबे समय से छिपाकर रखी गई इस नकदी को निकालने की कोशिश के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। हालांकि, रकम को किस उद्देश्य से रखा गया था और इसे आगे कहां इस्तेमाल किया जाना था, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
नक्सली नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
इस बरामदगी को नक्सली नेटवर्क से जुड़ी आर्थिक गतिविधियों की जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि रकम किसकी थी, इसे जंगल में छिपाने और निकालने की जिम्मेदारी किन लोगों को दी गई थी तथा इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस की जांच का केंद्र बरामद नकदी का स्रोत, उसके इस्तेमाल की योजना और नक्सली संगठन से जुड़े संभावित संपर्कों का पता लगाना है। इस कार्रवाई से जंगल में छिपाकर रखी गई नक्सली संपत्ति और उससे जुड़े नेटवर्क की जानकारी सामने आने की उम्मीद है।






