गरियाबंद/मैनपुर। CG NEWS : देश को आजाद हुए 79 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के कई गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बिजली जैसी आवश्यक सुविधा से वंचित ग्रामीणों ने अब अपनी पीड़ा को अनोखे और भावुक तरीके से देश के प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का प्रयास किया है।
मैनपुर क्षेत्र के ग्राम अड़गड़ी में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खून से पत्र लिखकर गांवों में बिजली पहुंचाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के इतने वर्षों बाद भी क्षेत्र के कई पारा-टोले अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर हैं।
Read More : CG News : सुशासन तिहार के दौरान तीखी नोक-झोंक, मौजूद अधकारियों ने कराया शांत
ग्रामीणों के अनुसार, बिजली नहीं होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में कठिनाई हो रही है और रोजमर्रा के जीवन में अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी समस्या रखने के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
CG NEWS : बैठक के दौरान ग्रामीणों ने “जल-जंगल-जमीन हमारा है, बिजली-पानी पर अधिकार हमारा है” जैसे नारों के साथ अपनी मांगों को बुलंद किया। ग्रामीणों ने कहा कि विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए उनके गांवों तक बिजली पहुंचना बेहद जरूरी है।
Read More : CG NEWS : छात्रवृत्ति समर्पण भाजपा सरकार का नया षड्यंत्र, पालकों पर सहमति पत्र देने का दबाव, हजारों छात्र हो रहे वंचित
प्रधानमंत्री को भेजे गए पत्र में ग्रामीणों ने आग्रह किया है कि संबंधित विभागों को निर्देश देकर उनके गांवों में जल्द से जल्द विद्युत सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को अंधेरे में जीवन न बिताना पड़े।
CG NEWS : यह मामला एक बार फिर उन दूरस्थ क्षेत्रों की वास्तविक तस्वीर सामने लाता है, जहां आज भी बुनियादी सुविधाएं पूरी तरह नहीं पहुंच सकी हैं। अब देखना होगा कि ग्रामीणों की इस अनोखी गुहार पर शासन-प्रशासन क्या कदम उठाता है और वर्षों से बिजली का इंतजार कर रहे इन गांवों को कब रोशनी नसीब होती है।






