रायपुर। तकनीकी शिक्षा को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने और विद्यार्थियों को उभरती डिजिटल तकनीकों से परिचित कराने की दिशा में MATS विश्वविद्यालय, रायपुर के स्कूल ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (MSIT) ने एक महत्वपूर्ण पहल की। विश्वविद्यालय के बीसीए एवं एमसीए के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) रायपुर की 5G लैब का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को 5G तकनीक की कार्यप्रणाली, नेटवर्क संरचना और विभिन्न क्षेत्रों में इसके व्यावहारिक उपयोगों को करीब से समझने का अवसर मिला। यह शैक्षणिक भ्रमण विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट (T&P) सेल के समन्वय से आयोजित किया गया। भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में पढ़ाई जाने वाली तकनीकी अवधारणाओं का वास्तविक प्रयोग समझाना और उन्हें आधुनिक संचार तकनीक की संभावनाओं से परिचित कराना था।
5G नेटवर्क की बारीकियों को समझा
NIT रायपुर पहुंचने पर विद्यार्थियों के दल का स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें 5G लैब की विभिन्न सुविधाओं और तकनीकी प्रदर्शनों का अवलोकन कराया गया। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को 5G तकनीक के मूल सिद्धांतों और इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी। इस दौरान नेटवर्क आर्किटेक्चर, तेज गति से डेटा ट्रांसमिशन, कम विलंबता यानी लो लेटेंसी तथा एक साथ बड़ी संख्या में उपकरणों को नेटवर्क से जोड़ने की क्षमता जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर चर्चा हुई।
Read More : MATS यूनिवर्सिटी ने मनाया 21वां स्थापना दिवस, गजराज पगारिया बोले-विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना हमारा लक्ष्य
स्मार्ट सिटी से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक 5G के उपयोग
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि 5G तकनीक केवल तेज इंटरनेट तक सीमित नहीं है, बल्कि यह डिजिटल सेवाओं और आधुनिक औद्योगिक व्यवस्थाओं के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। विद्यार्थियों ने इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), स्मार्ट सिटी, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और औद्योगिक स्वचालन जैसे क्षेत्रों में 5G के संभावित व्यावहारिक उपयोगों के बारे में जानकारी प्राप्त की। लैब में मौजूद उपकरणों और प्रदर्शनों के माध्यम से उन्हें मोबाइल एवं वायरलेस संचार की सैद्धांतिक अवधारणाओं को वास्तविक तकनीकी अनुप्रयोगों से जोड़कर समझने का अवसर मिला।
सवाल-जवाब के जरिए बढ़ाई तकनीकी समझ
MATS : पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली। उन्होंने विशेषज्ञों और शिक्षकों से 5G तकनीक से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे तथा सक्रिय रूप से संवाद किया। इस अनुभव ने विद्यार्थियों को तकनीकी विषयों की व्यावहारिक समझ विकसित करने में मदद की। भ्रमण के दौरान स्कूल ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक गुरु, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के श्री श्रीकांत तथा संकाय सदस्य श्री पीयूष जैन और सुश्री आरिफा खान विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहे।
व्यावहारिक अनुभव से मजबूत होती है तकनीकी शिक्षा: डॉ. अभिषेक गुरु
इस शैक्षणिक भ्रमण पर स्कूल ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक गुरु ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के कक्षा-कक्ष में अर्जित ज्ञान को व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को 5G जैसी उभरती तकनीकों से लगातार अपडेट रहने और उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के श्री श्रीकांत ने कहा कि नवीनतम तकनीकों की जानकारी विद्यार्थियों के करियर अवसरों को बढ़ाने के साथ उन्हें प्रतिस्पर्धी रोजगार जगत की चुनौतियों के लिए तैयार करती है।
विद्यार्थियों ने बताया ज्ञानवर्धक अनुभव
भ्रमण में शामिल विद्यार्थियों ने NIT रायपुर के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस अनुभव को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए उपयोगी बताया। मैट्स विश्वविद्यालय का स्कूल ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, तकनीकी दक्षता, नवाचार और कौशल आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के लिए इस तरह की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयासरत है।







