रायपुर। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के शक्तिनगर में आयोजित कार्यक्रम में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की विरासत, सामाजिक न्याय और राजनीतिक सम्मान को लेकर सियासी संदेश देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष Prabal Pratap Judev ने कांग्रेस पर बाबा साहेब का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पंचतीर्थ के विकास के माध्यम से डॉ. अंबेडकर की विरासत को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक पहचान दिलाने का काम किया है।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री (दर्जा) एवं छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष किशोर महानंद भी उपस्थित रहे। दोनों नेताओं ने अनुसूचित जाति समाज के परिवारों के बीच पहुंचकर आत्मीय संवाद किया। इस दौरान समाज के वरिष्ठजनों, माताओं एवं बहनों को शॉल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
बाबा साहेब का संघर्ष सामाजिक न्याय की मजबूत नींव : जूदेव
Prabal Pratap Judev : कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और राष्ट्र निर्माण के महान विचारक थे। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों और सामाजिक चुनौतियों के बीच संघर्ष करते हुए अपना पूरा जीवन वंचित एवं शोषित वर्गों के अधिकारों और सम्मान के लिए समर्पित किया। जूदेव ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, संकल्प और राष्ट्र के प्रति समर्पण की ऐसी मिसाल है, जो आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेगी। उनके विचार आज भी सामाजिक समानता और समरसता के निर्माण में मार्गदर्शक हैं।
कांग्रेस पर निशाना, पंचतीर्थ का किया उल्लेख
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने बाबा साहेब का उचित सम्मान नहीं किया और उनके योगदान को वह स्थान नहीं दिया जिसके वे हकदार थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बाबा साहेब की स्मृतियों और विचारों को सम्मान देने के लिए ठोस पहल की है। उन्होंने पंचतीर्थ के विकास, संविधान दिवस की शुरुआत और डॉ. अंबेडकर से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन पहलों से बाबा साहेब की विरासत को व्यापक सम्मान मिला है।
अंतिम व्यक्ति तक विकास और सामाजिक न्याय पहुंचाना लक्ष्य : किशोर महानंद
राज्य मंत्री (दर्जा) किशोर महानंद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुविधाओं और विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के संविधान, समानता और सामाजिक न्याय के आदर्शों को व्यवहार में उतारना हम सभी की जिम्मेदारी है। समाज के प्रत्येक वर्ग को सम्मान, अवसर और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना ही सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार है।
सामाजिक समरसता ही मजबूत राष्ट्र की पहचान
Prabal Pratap Judev ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब हर व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और आगे बढ़ने का अधिकार मिले। सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारा और सद्भाव ही एक मजबूत राष्ट्र की आधारशिला हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों से बाबा साहेब के विचारों को जीवन में आत्मसात करने और समरस, सशक्त एवं श्रेष्ठ भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। संविधान गौरव दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से भाजपा नेताओं ने सामाजिक सम्मान, संविधान के मूल्यों और डॉ. अंबेडकर की विरासत को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।






