भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) की प्लेट मिल ने अक्टूबर 2026 के दौरान उत्पादन एवं डिस्पैच के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए तीन नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। मिल ने फिनिश्ड प्लेट उत्पादन, कुल डिस्पैच और डायरेक्ट डिस्पैच में अब तक का सर्वश्रेष्ठ मासिक प्रदर्शन दर्ज किया है। यह उपलब्धि अधिकारियों, कर्मचारियों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय, कार्यकुशलता तथा सामूहिक प्रतिबद्धता का परिणाम है।

प्लेट मिल ने अक्टूबर 2026 में रिकॉर्ड 1,23,106 टन फिनिश्ड प्लेट का उत्पादन किया, जो अक्टूबर 2023 में दर्ज 1,21,675 टन के पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड से अधिक है। इसी प्रकार, कुल डिस्पैच के क्षेत्र में भी मिल ने नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 1,19,237 टन प्लेट का डिस्पैच किया। इसने अक्टूबर 2025 में दर्ज 1,18,502 टन के पिछले रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
Read More : कोयला खनन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली 50 खदानों को star rating Purskar, केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने सतत खनन पर दिया जोर BSP
डायरेक्ट डिस्पैच के क्षेत्र में भी प्लेट मिल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अक्टूबर माह में 85,614 टन प्लेट का सीधे डिस्पैच किया। इसके साथ ही अगस्त 2026 में दर्ज 85,101 टन के पिछले सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड को भी पार कर लिया। इसके अतिरिक्त, अक्टूबर माह में 14,349 टन प्लेट का सड़क मार्ग से डिस्पैच भी दर्ज किया गया।

प्लेट मिल की ये उपलब्धियां उत्पादन क्षमता में निरंतर वृद्धि, परिचालन दक्षता में सुधार और ग्राहकों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इस्पात उत्पाद उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित करती हैं। अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न विभागों की टीमों के साझा प्रयासों से हासिल ये रिकॉर्ड भिलाई इस्पात संयंत्र की कार्यक्षमता और टीम भावना का प्रमाण हैं। इस प्रदर्शन से संयंत्र के समग्र उत्पादन एवं डिस्पैच प्रदर्शन को नई मजबूती मिली है।






