रायपुर। RAIPUR NEWS : राजधानी रायपुर के शिव मंदिर क्षेत्र अंतर्गत गली नंबर 1 से 5 तक रहने वाले लगभग 450 परिवारों को अब तक अमृत मिशन का पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर 22 जनवरी को रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने नगर निगम आयुक्त एवं जल बोर्ड अधिकारियों को मौके पर बुलाकर जमीनी हकीकत से अवगत कराया था।
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि पूर्व में यह क्षेत्र लाल बहादुर शास्त्री वार्ड के अंतर्गत आता था। अहिल्याबाई होलकर चौक से आने वाली 4 इंची पाइप लाइन से यादवपारा, धोबीपारा और अर्जुन चौक सहित लगभग 900 घरों को पानी की आपूर्ति की जा रही है। एक ही पाइप लाइन से अधिक संख्या में कनेक्शन होने के कारण पानी का दबाव बेहद कम हो गया है, जिससे शिव मंदिर क्षेत्र के नागरिकों को पर्याप्त जल नहीं मिल पा रहा।
Read More : RAIPUR NEWS : तेलीबांधा मरीन ड्राइव में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली!, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने उठाए कई सवाल
RAIPUR NEWS : समस्या के निराकरण को लेकर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप एवं जल बोर्ड प्रमुख राजेश नायडू के साथ बैठक आयोजित की गई। जल बोर्ड अधिकारियों ने अर्जुन चौक के पास वाल्व लगाकर समाधान निकालने का प्रस्ताव रखा। जबकि नेता प्रतिपक्ष ने पुरानी 4 इंची पाइप लाइन को अर्जुन चौक तक सीमित करने और अहिल्याबाई होलकर चौक से शिव मंदिर क्षेत्र की गलियों के लिए नई 4 इंची पाइप लाइन बिछाने की मांग की।
नगर निगम आयुक्त ने आश्वासन दिया था कि पहले दो दिन वाल्व लगाकर परीक्षण किया जाएगा और यदि पानी का फोर्स नहीं बढ़ता है तो नई पाइप लाइन डाली जाएगी। बावजूद इसके, जल बोर्ड अधिकारियों ने 3 से 5 लाख रुपये की लागत से 10 इंच, 8 इंच और 6 इंच के तीन वाल्व लगाए, लेकिन लगभग 20 दिन बीत जाने के बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। क्षेत्रवासियों को अब भी पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है।
RAIPUR NEWS : इस पर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल इतना है कि वार्ड के किसी भी नागरिक को उसके मूलभूत जल अधिकार से वंचित न होना पड़े। प्रत्येक घर तक नियमित और पर्याप्त पेयजल पहुंचाना नगर निगम की जिम्मेदारी है। उन्होंने जल बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब नेता प्रतिपक्ष के वार्ड की यह स्थिति है तो शेष 69 वार्डों की हालत की कल्पना की जा सकती है। नगर निगम परिषद केवल बैठकों तक सीमित रह गई है और जमीनी स्तर पर समाधान नहीं नजर आ रहा।
Read More : RAIPUR NEWS : निजी विश्वविद्यालयों में पीएचडी सुपरविजन पर गंभीर सवाल, शोध व्यवस्था की साख खतरे में
राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ते पेयजल संकट को लेकर नागरिकों में चिंता का माहौल है। आने वाली गर्मी को देखते हुए यह आशंका और गहराती जा रही है कि क्या नगर निगम राजधानीवासियों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करा पाएगा। यह स्थिति प्रशासन के लिए एक गंभीर चेतावनी के रूप में देखी जा रही है।







