गरियाबंद। CG NEWS : श्रद्धा, भक्ति और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच शनिवार को गरियाबंद जिले के आमदी ग्राम पंचायत अंतर्गत शिक्षक नगर स्थित शिवलिंग मंदिर परिसर में श्री नर्मदेश्वर महादेव प्राण प्रतिष्ठा एवं महाशिवरात्रि महोत्सव–2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले दिन निकाली गई कलश शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर गूंज के साथ प्रारंभ हुई। यात्रा में शामिल महिला-पुरुष श्रद्धालु हाथों में कलश धारण कर “हर-हर महादेव” के जयकारे लगाते हुए नगर भ्रमण पर निकले। शोभायात्रा शिक्षक नगर आमदी से होते हुए पुराना आमदी स्थित शीतला मंदिर तालाब तट तक पहुंची।
Read More : CG NEWS : राजधानी में शिक्षा का हाल-बेहाल! बीपी पुजारी स्कूल में यूनिफॉर्म और शिक्षकों की भारी कमी
मार्ग में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों द्वारा पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। शीतला मंदिर तालाब तट पर विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश में पवित्र जल भरने की रस्म संपन्न कराई गई। इसके पश्चात श्रद्धालु सिर पर मंगल कलश धारण कर पैदल यात्रा करते हुए पुनः मंदिर प्रांगण लौटे।
CG NEWS : आयोजन समिति के अनुसार शनिवार को शिव परिवार की नगर परिक्रमा एवं विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। वहीं रविवार, 15 फरवरी को नर्मदेश्वर महादेव की विधिवत प्राण प्रतिष्ठा, महाशिवरात्रि महोत्सव तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
Read More : CG NEWS : राजनांदगांव नर्सिंग कौशल कॉलेज में एएनएम प्रशिक्षण को मंजूरी
CG NEWS : इस धार्मिक आयोजन में सोहन देवांगन, अवधराम देवांगन, विक्रम साहू, कमलेश गोस्वामी, नीलक्ष साहू, अमित देवांगन, राकेश सोनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर पूरे दिन भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण पूर्णतः शिवमय बना रहा। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और ग्रामीण अंचल में इस आयोजन को लेकर व्यापक धार्मिक उमंग का माहौल बना हुआ है।






