रायपुर। CG NEWS : कलिंगा विश्वविद्यालय के छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित मंच ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग (VBYLD) 2026’ में भाग लेकर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की छात्रा सुश्री अलीशा यादव (एमबीए) एवं सुश्री असना जाबी (बीबीए एलएलबी) ने राज्य का प्रतिनिधित्व किया।
‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग 2026’ एक राष्ट्रीय पहल है, जिसका उद्देश्य 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विकसित भारत @2047 की परिकल्पना के निर्माण में सहभागी बनाना है। इस वर्ष देशभर से 50 लाख से अधिक युवाओं ने इस पहल में पंजीकरण कराया, जिससे इसकी व्यापकता और लोकप्रियता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
Read More : CG NEWS : राजनांदगांव नर्सिंग कौशल कॉलेज में एएनएम प्रशिक्षण को मंजूरी
CG NEWS : चयन प्रक्रिया अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक और बहु-स्तरीय रही। प्रतिभागियों को डिजिटल क्विज़, निबंध लेखन तथा राज्य स्तरीय प्रस्तुतियों जैसे चरणों से गुजरना पड़ा। अंतिम चरण में नई दिल्ली में आयोजित समापन कार्यक्रम में चयनित प्रतिभागियों को भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुति देने का अवसर मिला। साथ ही, भारत के सर्वोच्च न्यायालय के एक वरिष्ठ अधिवक्ता की देखरेख में अंतिम नेतृत्व मूल्यांकन साक्षात्कार भी आयोजित किया गया। इन सभी चरणों को सफलतापूर्वक पूर्ण कर अलीशा यादव एवं असना जाबी ने देशभर से चयनित प्रतिभागियों में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
CG NEWS : संवाद सत्रों के दौरान दोनों छात्राओं ने राष्ट्रीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक विचार प्रस्तुत किए। अलीशा यादव ने “विकसित भारत के लिए भविष्य-तैयार कार्यबल का निर्माण” विषय पर अपने दृष्टिकोण साझा किए। उन्होंने कौशल विकास, रोजगारयोग्यता, तकनीकी दक्षता तथा बदलती वैश्विक परिस्थितियों के अनुरूप युवाओं को सशक्त बनाने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। वहीं, सुश्री असना जाबी ने “विकसित भारत की कुंजी: महिला-नेतृत्व विकास” विषय पर अपने विचार रखे। उन्होंने महिला सशक्तिकरण, समावेशी शासन व्यवस्था तथा लैंगिक समानता आधारित सामाजिक-आर्थिक परिवर्तन को राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया।
Read More : CG NEWS : भारत रंग महोत्सव 2026; भारतीय रंगमंच की आत्मा और चेतना का राष्ट्रीय उत्सव रायपुर में
CG NEWS : यह राष्ट्रीय मंच युवाओं को नीति-निर्माण से जुड़े मुद्दों पर संवाद, विमर्श और नवाचार के माध्यम से योगदान देने का सशक्त अवसर प्रदान करता है। कार्यक्रम की गरिमा माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार श्री अजीत डोभाल तथा केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और श्री किरेन रिजिजू सहित अन्य विशिष्ट नेताओं एवं नीति विशेषज्ञों की उपस्थिति से और बढ़ी। कलिंगा विश्वविद्यालय के लिए यह उपलब्धि गर्व का विषय है। विद्यार्थियों की यह सहभागिता न केवल संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता को दर्शाती है, बल्कि छत्तीसगढ़ के युवाओं की राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को भी रेखांकित करती है।






