रायपुर. MATS विश्वविद्यालय में साइबर पीस यात्रा कार्यक्रम का आयोजन JITO लेडीज़ विंग के सहयोग से किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदार डिजिटल आचरण को प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय साइबर सुरक्षा सलाहकार मनु नाहर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
अपने प्रेरक संबोधन में नाहर ने विद्यार्थियों को वर्तमान डिजिटल युग में बढ़ते साइबर खतरों से अवगत कराया तथा व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा, सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार और साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को सचेत, जिम्मेदार और सतर्क डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
Read More : CG NEWS : MATS विश्वविद्यालय के छात्रों ने सिलतरा, रायपुर स्थित सारडा ऊर्जा संयंत्र का औद्योगिक भ्रमण किया
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े अनेक जिज्ञासापूर्ण प्रश्न पूछे, जिनका श्री नाहर ने सरल, प्रभावी एवं व्यवहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान प्रस्तुत किया। सत्र के दौरान वक्ता, विद्यार्थी एवं शिक्षकगणों के बीच सार्थक संवाद और विचार-विमर्श देखने को मिला, जिससे कार्यक्रम की उपयोगिता और प्रभावशीलता और अधिक बढ़ गई।
इस कार्यक्रम का सफल समन्वय डॉ. उमेश गुप्ता द्वारा किया गया। आयोजन को कुलाधिपति गजराज पगारिया, कुलपति प्रो. के. पी. यादव, महानिदेशक प्रियेश पगारिया तथा कुलसचिव गोकुलानंद पांडा का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा सुरक्षित डिजिटल संस्कृति के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।






