रायपुर। RAIPUR CRIME : राजधानी में चोरों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए हैं। ताजा मामला गोंदवारा क्षेत्र स्थित बिंदेश्वर महादेव मंदिर से सामने आया है, जहां देर रात अज्ञात चोर ने मंदिर की दानपेटी चोरी कर ली और मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, चोर ने सरिया की मदद से मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़ा और अंदर प्रवेश किया। इसके बाद वह दानपेटी उठाकर ले गया। पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चोर की गतिविधियां स्पष्ट दिखाई दे रही हैं।
Read More : RAIPUR CRIME : फिल्मी अंदाज़ में धोखाधड़ी, आधार कार्ड-पैन कार्ड में छेड़छाड़, लोन दिलाने फाइनेंस कंपनी पहुंची फर्जी पत्नी
घटना की जानकारी सुबह मंदिर के पुजारी और स्थानीय लोगों को लगी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
RAIPUR CRIME : यह मामला खमतराई थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को पकड़ने का भरोसा दिलाया है।






