रायपुर। RAIPUR POLICE : वेलेंटाइन डे को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पुलिस प्रशासन ने कड़े इंतजाम किये हैं. सार्वजनिक स्थलों, उद्यानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। रायपुर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर पूरे शहर में सघन पेट्रोलिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का नेतृत्व पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन मयंक गुर्जर कर रहे हैं.

शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में कलर्स मॉल, पंकज गार्डन खोखो पारा पुरानी बस्ती, अंबुजा मॉल, टीचर कॉलोनी स्थित नगर निगम गार्डन कोटा, विवेकानंद गार्डन पुरानी बस्ती, जयस्थंभ चौक, गांधी उद्यान, वृंदावन गार्डन, दलदल सिवनी सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इन क्षेत्रों में दिनभर गश्त कर स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है।

Read More : RAIPUR POLICE : आईटीएमएस के कैमरों से ही बनाए जाएंगे ई-चालान, भुगतान नही करने पर होंगे परिवहन संबंधी सेवाए बाधित
RAIPUR POLICE : पुलिस प्रशासन ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ-साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है, ताकि सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पेट्रोलिंग टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाए। पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने बताया कि वेलेंटाइन डे के अवसर पर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। असामाजिक तत्वों और नजर रखी जा रही है तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Read More : RAIPUR POLICE : रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नवा रायपुर में स्टंट करने वाले बाइकर्स पर कसा शिकंजा, 28 बाइक और 6 कार चालकों पर की कार्रवाई
उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम नागरिक बिना किसी भय के सार्वजनिक स्थानों पर आ-जा सकें और त्योहार का माहौल शांतिपूर्ण बना रहे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीमों को भी तैनात किया गया है। राजधानी रायपुर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी से शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।









