रायपुर। RAIPUR NEWS : राजधानी रायपुर के कचना स्थित स्वास्तिक नगर कॉलोनी में लंबे समय से जारी पेयजल संकट को लेकर मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। रायपुर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में 200 से अधिक महिला-पुरुष और बच्चे निगम कार्यालय पहुंचे और स्थायी जल व्यवस्था की मांग उठाई।
प्रदर्शन में शामिल लोगों का कहना था कि नगर निगम द्वारा कॉलोनी का निर्माण कर गरीब परिवारों को वहां विस्थापित तो कर दिया गया, लेकिन अब तक पीने का पानी, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई गईं। बीते एक वर्ष से रहवासी केवल टैंकरों के सहारे जीवन यापन करने को मजबूर हैं।
RAIPUR NEWS : इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ शामिल हुईं। रहवासियों का कहना था कि पानी जीवन की सबसे जरूरी आवश्यकता है। दिन की शुरुआत से लेकर रात की नींद तक हर कार्य के लिए पानी चाहिए, लेकिन उन्हें आज भी एक-एक बूंद के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
Read More : RAIPUR NEWS : रायपुर में पेयजल संकट बरकरार, 20 दिन बाद भी नहीं मिला समाधान, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने उठाए जल बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम केवल टैक्स वसूली और कार्रवाई तक सीमित रह गया है, जबकि नागरिकों की बुनियादी जरूरतों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। बीते एक माह से अधिक समय से बोर खनन की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही दिए गए हैं।
पहले भी दी गई थी जानकारी, नहीं हुआ समाधान
नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने बताया कि 20 जनवरी को स्वास्तिक नगर के रहवासी उनसे मिलने नगर निगम मुख्यालय पहुंचे थे। उस समय टैंकरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद 3 फरवरी को उन्होंने स्वयं क्षेत्र का दौरा कर अधिकारियों को बोर खनन के निर्देश दिए थे, लेकिन आज तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया।
उन्होंने कहा कि केवल टैंकर भेजकर समस्या से बचा नहीं जा सकता। कॉलोनी में स्थायी पेयजल व्यवस्था करना नगर निगम का कर्तव्य है और इस जिम्मेदारी से न तो अधिकारी बच सकते हैं और न ही महापौर परिषद।
मटका भेंट कर जताया विरोध
प्रदर्शन के दौरान नगर निगम आयुक्त के प्रतिनिधि के रूप में उपायुक्त विनोद पांडे मौके पर पहुंचे। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने उन्हें प्रतीकात्मक रूप से मटका भेंट किया और बोर खनन की मांग का लिखित ज्ञापन सौंपा।
उपायुक्त विनोद पांडे ने रहवासियों को आश्वासन दिया कि 5 मार्च तक स्वास्तिक नगर में बोर खनन का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। साथ ही तब तक टैंकरों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
Read More : RAIPUR NEWS : तेलीबांधा मरीन ड्राइव में पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली!, नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने उठाए कई सवाल
आश्वासन के बाद समाप्त हुआ धरना
नगर निगम की ओर से मिले आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त किया गया। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि 5 मार्च तक बोर का कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे पुनः नगर निगम मुख्यालय में आंदोलन करेंगे।
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद
इस मौके पर शेख मुशीर (पार्षद), जयश्री सत्यनारायण नायक (पार्षद), रोनिता प्रकाश जगत (पार्षद), सुनील भुवाल (पूर्व एल्डरमैन), रवि शर्मा, विशाल राजी, दुर्गा वर्मा, सोनू साहू, धोगेंद्र साहू, माधुरी साहू, महेंद्र जटवार, पुनीत राम साहू सहित बड़ी संख्या में स्वास्तिक नगर के रहवासी उपस्थित रहे। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक कॉलोनी में स्थायी पेयजल व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।







